भिलाई में पति-पत्नी की संदिग्ध मौत, पत्नी का शव फर्श पर और पति फंदे पर मिला

भिलाई में पति-पत्नी की संदिग्ध मौत, पत्नी का शव फर्श पर और पति फंदे पर मिला

भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के वृंदानगर में रविवार को पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के अलग-अलग कमरों में दोनों के शव मिलने के बाद पुलिस हत्या और आत्महत्या सहित सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

मृतकों की पहचान जी. वेंकट रमन मूर्ति (55) और उनकी पत्नी जी. विद्यावती के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घर में लंबे समय तक कोई गतिविधि नहीं दिखने पर मृतक की मां वहां पहुंचीं। उन्होंने एक कमरे में बहू को मृत अवस्था में फर्श पर पड़ा देखा, जबकि दूसरे कमरे में बेटे का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतका के गले पर रस्सी जैसे निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। ऐसे में हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। वहीं पति का शव फंदे पर मिलने से आत्महत्या की संभावना भी जांच के दायरे में है।

घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। हालांकि पुलिस को एक मोबाइल फोन मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल से मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।