दुर्ग में अवैध गुटखा फैक्ट्रियों पर पुलिस का बड़ा छापा, 10 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल जब्त







दुर्ग। जिले में अवैध गुटखा निर्माण और पैकेजिंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध इकाइयों का भंडाफोड़ किया है। थाना अंडा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने ग्राम कुथरेल और अंडा क्षेत्र में संचालित गुटखा निर्माण केंद्रों पर दबिश देकर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस जमीन और गोदाम में यह गतिविधि संचालित हो रही थी, वह असलम खान की बताई जा रही है। गोदाम को एग्रीमेंट के माध्यम से वीरेंद्र तिवारी को दिया गया था। पुलिस के अनुसार यहां ‘सितार’ नाम से जर्दायुक्त गुटखा तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बिना अनुमति गुटखा निर्माण और पैकेजिंग का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने दोनों स्थानों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में कच्चा माल, रसायन, गुटखा बनाने की मशीनें, पैकेजिंग सामग्री तथा तैयार और अर्द्धनिर्मित गुटखा उत्पाद बरामद किए गए।

प्रारंभिक जांच में अवैध रूप से गुटखा निर्माण और पैकेजिंग किए जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने पूरी सामग्री जब्त कर ली। मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना अंडा में अपराध क्रमांक 63/2026 और 64/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता तथा धारा 63 कॉपीराइट अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध रूप से गुटखा निर्माण और पैकेजिंग कर आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से यह कारोबार संचालित कर रहे थे। संयुक्त टीम की कार्रवाई से क्षेत्र में चल रहे अवैध गुटखा कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
घटनास्थल :
ग्राम कुथरेल एवं अंडा क्षेत्र स्थित अवैध गुटका निर्माण एवं पैकेजिंग संचालित स्थल, थाना अंडा, जिला दुर्ग।
आरोपी का विवरण :
1. बिरेन्द्र तिवारी, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम नरैनी, जिला बांदा (उ.प्र.)।
2. सुभाष कुमार गौतम, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम इब्राहिमपुर, जिला हरदोई (उ.प्र.)।
3. सुनील कुमार राजपूत, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम सकरन, जिला उन्नाव (उ.प्र.)।
4. करण राजपूत, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम तेजीखेड़ा, जिला उन्नाव (उ.प्र.)।
5. राजू मस्ताना, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम तेजीखेड़ा, जिला उन्नाव (उ.प्र.)।
6. राजकुमार यादव, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम बेरीखेड़ा, जिला कानपुर (उ.प्र.)।
7. रमेश कुमार निषाद, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम अदावल, जिला फतेहपुर (उ.प्र.)।
8. सतेन्द्र कुमार यादव, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम इटाहरा, जिला कानपुर (उ.प्र.)।
9. सोनू यादव, उम्र 35 वर्ष, निवासी रतनलाल नगर, जिला कानपुर (उ.प्र.)।
10. बसंत राजपूत, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम जमुनाखेड़ा, जिला उन्नाव (उ.प्र.)।
