युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, मारपीट के बाद बिगड़ी थी हालत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

हिरासत में लिए युवक को छुड़ाने उमड़ी भीड़

युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, मारपीट के बाद बिगड़ी थी हालत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

भिलाई। भिलाई-3 के पुरैना स्टोर पारा इलाके में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 29 वर्षीय युवक की उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। मृतक की पहचान नसरू सोना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक की मौत से पहले इलाके में मारपीट की एक घटना हुई थी, जिसके बाद अब हत्या की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक मामला भिलाई-3 के जीआरपी थाना क्षेत्र का है। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी प्रभारी श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए एक युवक को हिरासत में लिया। लेकिन जैसे ही पुलिस टीम उसे लेकर जाने लगी, वहां मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस वाहन को घेर लिया और हिरासत में लिए गए युवक के साथ मारपीट करने की कोशिश की। कुछ देर के लिए इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। जीआरपी प्रभारी ने टीम की मदद से किसी तरह युवक को भीड़ से बचाते हुए सुरक्षित थाने पहुंचाया।

मृतक के पिता गंगाराम सोना ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि 19 मई की रात 4 से 5 युवकों ने उनके बेटे के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से नसरू की तबीयत लगातार खराब थी और गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। वहीं मोहल्ले के कुछ लोगों ने युवक की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका भी जताई है। घटना के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल देखा गया।