भिलाई के चन्द्रा-मौर्या रेड सिग्नल पर मौत बनकर दौड़ी कार, अब तीसरे घायल ने भी गंवाई जान

भिलाई। गत दिनों चन्द्रा-मौर्या चौक पर रेड सिग्नल में खड़ी वाहनों को एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से ठोकर मार दी थी। इस दुर्घटना में एक नाबालिग सहित दो लोगों की मौत हो गई थी। वहीं इस घटना में गंभीर रूप से घायल सड़क-16, सेक्टर-2 भिलाई निवासी सलीम अली (39 वर्ष) ने भी इलाज के दौरान बुधवार की रात करीब 11.30 बजे अस्पताल में तम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी कार चालक आरोपी सागर जायसवाल, उम्र 28 वर्ष, निवासी आम्रपाली वनांचल सिटी जामुल को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज चुका है।

रविवार को 17 मई की दोपहर करीब 2.40 बजे चन्द्रा मौर्या चौक में रेड सिग्नल पर वाहन खड़े थे। इसी दौरान नशे में धुत काले रंग की फोर्ड कार क्रमांक सीजी 07 बीआर 0571 का चालक आरोपी सागर जायसवाल ने तेज रफ्तार में रेड सिग्नल तोड़ते हुए बाइक व स्कूटी सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भिलाई निवासी 15 वर्षीय नूर खान और रायपुर निवासी मनोहर कुमार गोनाडे (55 वर्ष) की मौत हो गई थी। जबकि सलीम अली गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती था। सलीम अली को पहले बीएम शाह अस्पताल फिर दो दिन बाद शंकराचार्य में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बुधवार की रात करीब 11.30 बजे उसने दम तोड़ दिया। जांच में यह भी सामने आया था कि आरोपी के खिलाफ पहले से थाना मोहन नगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत चिट्टा मामले में अपराध दर्ज है।

