ऑनलाइन सट्टे के लिए म्यूल खाते बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चार मोबाइल समेत बैंक दस्तावेज जब्त

नीरज ने 88 हजार रुपये में खरीदे चार खाते एक लाख में बेचे, सट्टा पैनल के लेन-देन में हो रहा था इस्तेमाल

ऑनलाइन सट्टे के लिए म्यूल खाते बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चार मोबाइल समेत बैंक दस्तावेज जब्त

भिलाई। ऑनलाइन सट्टे के लेन-देन में इस्तेमाल किए जाने वाले म्यूल बैंक खातों की खरीद-बिक्री के मामले में सुपेला पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, एक बैंक पासबुक और तीन एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में बैंक खातों को कम कीमत पर खरीदकर अधिक कीमत पर बेचने और सट्टा पैनल के वित्तीय लेन-देन में उनका इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि नीरज गायकवाड़ और अंशु साव ऑनलाइन सट्टे में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। दोनों दाऊ बाड़ा तालाब के पास मौजूद थे। सूचना पर कार्रवाई करते हुए सुपेला पुलिस की टीम ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

88 हजार में खरीदे, एक लाख में बेचे खाते

पूछताछ में नीरज गायकवाड़ ने बताया कि उसने अंशु साव से आंध्र प्रदेश ग्रामीण बैंक के चार खाते 88 हजार रुपये में खरीदे थे। बाद में इन्हें सिकंदर नामक व्यक्ति को एक लाख रुपये में बेच दिया। पुलिस के अनुसार, इनमें से एक खाते का इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टा पैनल के लेन-देन में किया जा रहा था। क्यूआर कोड के जरिए प्राप्त रकम को सिकंदर के बताए खाते में ट्रांसफर करने की बात भी सामने आई है। इसके बदले प्रतिमाह 25 हजार रुपये मिलने की जानकारी पुलिस को मिली है। इसी तरह अंशु साव ने करण सागरिया से आंध्र प्रदेश ग्रामीण बैंक के चार खाते 80 हजार रुपये में खरीदकर नीरज को 88 हजार रुपये में बेचना बताया। पुलिस अब इन खातों से हुए वित्तीय लेन-देन और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

सुपेला पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 1552/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 317(4) और 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज गायकवाड़ (25), निवासी कृष्णा नगर, अंबेडकर चौक, सुपेला और अंशु साव (22), निवासी पुरानी बस्ती, सतनामी पारा, सुपेला के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

कार्रवाई में सुपेला थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एन. सिंह, उप निरीक्षक चितराम ठाकुर तथा आरक्षक कमल याहू और मनोज सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।