रौब जमाने के चक्कर में फंसा युवक, थार पर ‘पुलिस’ लिखकर कर रहा था स्टंट

सुपेला पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

रौब जमाने के चक्कर में फंसा युवक, थार पर ‘पुलिस’ लिखकर कर रहा था स्टंट

भिलाई। सड़क पर रौब दिखाने के लिए थार पर ‘पुलिस’ लिखवाकर घूमना एक युवक को भारी पड़ गया। सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृति नगर चौकी पुलिस ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी न केवल लोगों की जान जोखिम में डाल रहा था, बल्कि वाहन में अवैध रूप से पुलिस मोनो और बोर्ड लगाकर भ्रम भी फैला रहा था।

पुलिस के मुताबिक 23 अप्रैल को जुनवानी चौक के पास एक काले रंग की थार वाहन के खतरनाक तरीके से दौड़ने की सूचना मिली थी। बताया गया कि चालक वाहन पर ‘पुलिस’ लिखकर आम लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन को रोककर जांच की।

जांच में सामने आया कि वाहन चालक समीर वर्मा (23), निवासी आर्य नगर कोहका, अपने निजी वाहन में अवैध रूप से पुलिस का मोनो और बोर्ड लगाकर सड़कों पर तेज गति से गाड़ी चला रहा था। उसका यह कृत्य आमजन की सुरक्षा के लिए खतरा बन रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि घटना में प्रयुक्त ब्लैक थार (CG 07 CP 8800) को जब्त कर लिया गया है।