मीटर लगाने के नाम पर 7 लाख की ठगी, बिजली कर्मचारी बनकर ठग ने कारोबारी को बनाया शिकार

राजधानी रायपुर में ऑनलाइन ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां मीटर लगाने के नाम पर एक कारोबारी से 7 लाख रुपए से अधिक की ठगी कर ली गई। मामला देवेन्द्र नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र का है। सेक्टर-2 निवासी आशीष भाई देसाई ने नया बिजली मीटर लगाने के लिए आवेदन किया था। इसी दौरान ठग ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर फोन किया और प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर 13 रुपए ऑनलाइन भुगतान करने को कहा।

इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल कर एक लिंक भेजा, जिसमें बिजली विभाग का लोगो भी नजर आ रहा था। भरोसे में आकर जैसे ही पीड़ित ने लिंक ओपन किया, उनका मोबाइल हैक हो गया।

ठग ने इसके बाद अलग-अलग किश्तों में बैंक खातों से रकम निकाल ली। Bank of Maharashtra के खाते से 6,03,472 रुपए और HDFC Bank के खाते से 99 हजार रुपए निकाल लिए गए। कुल मिलाकर 8 ट्रांजैक्शन में 7,02,472 रुपए की ठगी की गई। खाते से पैसे कटने के मैसेज आने पर पीड़ित को ठगी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ऐप के जरिए भुगतान करने से पहले सतर्क रहें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।
