सूने मकान में चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, 8.22 लाख की संपत्ति बरामद

सूने मकान में चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, 8.22 लाख की संपत्ति बरामद

भिलाई। दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से सोना-चांदी, नगदी, मोबाइल और वाहन समेत कुल 8,22,480 रुपये की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी 25 से 29 जनवरी के बीच घर से बाहर गया हुआ था। वापस लौटने पर घर का दरवाजा और आलमारी का ताला टूटा मिला, जहां से सोने-चांदी के जेवर और नगदी गायब थे। शिकायत के बाद अमलेश्वर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे रात के समय सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करते थे।

मुख्य आरोपी खिलेश दास मानिकपुरी ने अपने साथी भुनेश्वर यादव के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरी का सामान तुलेश्वर सोनकर को बेचने के लिए दिया जाता था। पुलिस ने बताया कि चोरी की रकम से आरोपियों ने स्कूटी भी खरीदी थी।

आरोपियों की निशानदेही पर करीब 54 ग्राम सोना, 513 ग्राम चांदी, नगदी, मोबाइल फोन, स्कूटी और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी आर्थिक लाभ के लिए सुनसान और बंद घरों को टारगेट करते थे। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी का नाम :

1. खिलेश दास मानिकपुरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी दुर्गानगर नेश्वर, थाना अमलेश्वर, जिला दुर्ग

2. भुनेश्वर उर्फ नानू यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी रायपुरा, थाना डी.डी. नगर, जिला रायपुर

3. तुलेश्वर सोनकर उर्फ टिल्लू, उम्र 24 वर्ष, निवासी कृष्णा नगर डगनिया, थाना डी.डी. नगर, जिला रायपुर