मवेशी तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार, पिकअप वाहन और मवेशी जब्त

मवेशी तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार, पिकअप वाहन और मवेशी जब्त

बलरामपुर जिले के सुहेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने मवेशी तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस को मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर की गई, जिसमें बताया गया था कि बलरामपुर-रामानुजगंज मार्ग पर देर रात मवेशियों की तस्करी हो रही है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो पिकअप वाहनों को रोका। जांच के दौरान दोनों वाहनों से बड़ी संख्या में मवेशी बरामद किए गए। मौके पर वाहन चालकों से पूछताछ की गई, जिसमें तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र जायसवाल, मनीकांत सोनवानी, दीपक सोनवानी और देवमती सोनवानी शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि ये सभी मिलकर मवेशियों की तस्करी कर रहे थे और इसके लिए बैंक खातों का भी इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 111(1)(2) के साथ ही छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

-: गिरफ्तार आरोपी :-
1. जितेन्द्र जायसवाल पिता हुकुमचन्द्र, निवासी केसारी थाना रघुनाथनगर, जिला बलरामपुर
2. मानिकचंद सोनवानी पिता स्व. रामनाथ निवासी केसारी थाना रघुनाथनगर, जिला बलरामपुर
3. दीपक सोनवानी पिता गोपीचंद सोनवानी निवासी केसारी थाना रघुनाथनगर, जिला बलरामपुर
4. देवमती सोनवानी पति मानिकचंद सोनवानी निवासी केसारी थाना रघुनाथनगर, बलरामपुर