85 mg अल्कोहल के साथ पकड़ा गया बस चालक, बस जप्त… यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया

दुर्ग जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस और थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ा अभियान चलाया।

29 मार्च को जिले के प्रमुख मार्गों, ब्लैक स्पॉट और ग्रे स्पॉट क्षेत्रों में शाम से देर रात तक सघन चेकिंग की गई। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 37 मामलों में चालान किया गया। इनमें यातायात पुलिस ने 19 और थाना पुलिस ने 18 प्रकरण दर्ज किए।

सबसे गंभीर मामला दुर्ग-खैरागढ़ मार्ग पर सामने आया, जहां एक यात्री बस के चालक में 85 mg अल्कोहल पाया गया। पुलिस ने तुरंत बस को जप्त कर लिया। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दूसरी बस की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित रवाना किया गया।
इसके अलावा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी अलग से कार्रवाई की गई। धारा 185 के तहत 11 और धारा 285 के तहत 7 मामलों सहित कुल 18 प्रकरण दर्ज किए गए।
पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण लगाया जा सके।
