भिलाई में साइबर ठगी पर बड़ा खुलासा: म्यूल अकाउंट के जरिए पैसे लेने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी की रकम लेने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने बैंक खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी की रकम लेने के लिए कर रहे थे।

बंधन बैंक सुपेला शाखा के खातों की जांच में पाया गया कि 16 अगस्त से 30 सितंबर 2024 के बीच आरोपियों के खातों में ₹1,66,336 और ₹74,507 की संदिग्ध रकम जमा हुई थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र यादव (31) और झावेश यादव (30) के रूप में हुई है, जो नेवई क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे अपने बैंक खातों की पासबुक पैसे लेकर अन्य लोगों को देते थे, जिससे ठगी की रकम उनके खातों में ट्रांसफर की जाती थी।
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से बैंक पासबुक और संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में सुपेला थाना पुलिस की अहम भूमिका रही।
आरोपी का नाम :
1. जितेन्द्र यादव, उम्र 31 वर्ष, निवासी टंकी मरोदा स्कूल पारा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
2. झावेश यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी टंकी मरोदा स्कूल पारा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
