बकरा चोरी का खुलासा: स्कूटी से पहुंचे, दो बकरे चुराकर काटकर बेच दिए

दुर्ग। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम जोरातराई में बकरा चोरी का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने चोरी किए गए बकरों को काटकर बेच भी दिया था।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी बन्नी अली ने 25 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 मार्च की शाम घर में बकरों को बांधने के बाद अगली सुबह निरीक्षण करने पर दो बकरे गायब मिले। घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में अज्ञात व्यक्ति दुपहिया वाहन से बकरे ले जाते हुए दिखाई दिए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की और रूआबांधा क्षेत्र से उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए बकरों को काटकर बेच दिया गया और प्राप्त रकम खर्च कर दी गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, धारदार हथियार, घटना के समय पहने कपड़े-चप्पल और नगदी रकम जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया।
