शिकार गिरोह का भंडाफोड़, बाघ-तेंदुए की खाल के साथ 8 आरोपी गिरफ्तार

शिकार गिरोह का भंडाफोड़, बाघ-तेंदुए की खाल के साथ 8 आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा से वन्यजीव तस्करी से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां वन विभाग ने बाघ और तेंदुए की खाल के साथ सक्रिय शिकार गिरोह का भंडाफोड़ किया है। 16 और 17 मार्च को मिली मुखबिर सूचना के आधार पर वनमंडल दंतेवाड़ा, बीजापुर, इंद्रावती टाइगर रिजर्व, राज्य स्तरीय उड़नदस्ता और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की।

दंतेवाड़ा-बालूद मार्ग पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को बाघ की खाल के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में पूरे गिरोह का खुलासा हुआ। इसके बाद अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर 6 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और ग्राम केशापुर से तेंदुए की एक और खाल बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण तेलाम, देवीराम ओयाम, रमेश कुड़ियाम, फरसोन पोयामी, सेमला रमेश, सुखराम पोडियाम समेत अन्य शामिल हैं। वन विभाग के मुताबिक, बाघ और तेंदुआ दोनों ही अनुसूची-1 के संरक्षित वन्यजीव हैं, और इस मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।