दुर्ग में सिविल डिफेंस वालंटियर्स का 7 दिवसीय प्रशिक्षण 14 मार्च से, आवेदन के लिए मांगे गए दस्तावेज

दुर्ग में सिविल डिफेंस वालंटियर्स का 7 दिवसीय प्रशिक्षण 14 मार्च से, आवेदन के लिए मांगे गए दस्तावेज

दुर्ग। जिले में नागरिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से सिविल डिफेंस वालंटियर्स के लिए सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 14 मार्च से 20 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

जिला सेनानी और जिला अग्निशमन अधिकारी नागेन्द्र कुमार सिंह के अनुसार, सिविल डिफेंस में नामांकन के इच्छुक लोगों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने को कहा गया है।

नामांकन के लिए आवेदक का दुर्ग जिले का निवासी होना अनिवार्य है। इसके साथ ही दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, 10वीं की मार्कशीट की फोटोकॉपी, ब्लड ग्रुप की जानकारी, आधार कार्ड की फोटोकॉपी और बैंक खाते की फोटोकॉपी जमा करनी होगी। आवेदक की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।

जारी सूचना के अनुसार, जो लोग पहले से सिविल डिफेंस में नामांकित हैं, वे भी इस सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए उन्हें जिला सेनानी कार्यालय, नगर सेना, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, केंद्रीय विद्यालय के पास पद्मनाभपुर दुर्ग में संपर्क करना होगा।

प्रशिक्षण के दौरान वालंटियर्स को नियमानुसार प्रशिक्षण भत्ता, भोजन और स्टेशनरी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।