शराब दुकान के ठेला लगाने के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला

शराब दुकान के ठेला लगाने के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र के चौकी स्मृतिनगर जुनवानी में ठेला लगाने के विवाद को लेकर एक युवक पर प्राणघातक हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच ठेला लगाने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था, उसी के चलते यह घटना हुई।

पुलिस के अनुसार 11 मार्च की शाम करीब 7:30 बजे देशी शराब दुकान के पास मेन रोड जुनवानी में चना-मुर्रा और पानी बेचने वाले दो ठेला संचालकों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी भोला साव उर्फ तरुण ने रोहित यादव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में रोहित यादव के सीने और पेट में गंभीर चोट आई। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल रोहित यादव को इलाज के लिए शंकराचार्य अस्पताल जुनवानी में भर्ती कराया गया।

मामले में प्रार्थी श्याम बिहारी यादव की शिकायत पर चौकी स्मृति नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भोला साव उर्फ तरुण, उम्र 29 वर्ष, निवासी शास्त्री नगर कैम्प-1 छावनी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी जब्त किया गया है।