ट्रेन से झारखंड जा रहा युवक हुआ लापता, भिलाई के एक खेत में मिली लाश

भिलाई। झारखंड निवासी युवक का शव पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में मक्के के खेत के पास पड़ा मिला। युवक बेंगलुरु में काम करता था और अपने 2 दोस्तों के साथ ट्रेन से झारखंड जा रहा था। लेकिन अचानक भिलाई में उतरा और अगले दिन उसकी लाश मिली है। मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार किसान पुनीत निर्मलकर के बेटे चूड़ामणि निर्मलकर ने बुधवार सुबह मामले की सूचना दी। उसने बताया कि सिरसा कला से देवबलौदा जाने वाले रास्ते में उसका खेत है, वहीं एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। छानबीन करने पर पता चला कि युवक झारखंड के सिमडेगा जिले का रहने वाला था। युवक का नाम आनंद साय है। वह 2 दोस्तों के साथ बेंगलुरु की एक फिशरीज कंपनी में काम करता था। 2 दिन पहले उसने परिजनों को बताया था कि वह दोस्त भक्तू पैंकरा और प्रकाश के साथ घर आ रहा है। भक्तू सुंदरगढ़ का रहने वाला है। तीनों ट्रेन से झारखंड के लिए निकले। इस दौरान दोस्तों ने परिजनों को फोन करके बताया कि आनंद लापता हो गया है। दोस्तों ने परिजनों को बताया कि आनंद दुर्ग और रायपुर के बीच कहीं उतर गया है या किसी हादसे का शिकार हो गया है। इसके बाद परिजनों ने लोकल कुर्डेग पुलिस को सूचना दी। कुर्डेग पुलिस की सूचना के आधार पर भिलाई पुलिस ने युवक की पहचान की। मंगलवार की रात उसे सिरसाकला स्थित एक होटल में नाश्ता करते हुए देखा गया था। उसके बाद अगले दिन बुधवार को उसकी लाश मक्के के खेत के किनारे पड़ी हुई मिली। इधर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भिजवा दिया है।