तीसरी शादी के लिए युवक ने 15 वर्षीय नाबालिग के साथ पिया तेजाब

दो शादियों के बावजूद युवक पर चढ़ा प्यार का बुखार

तीसरी शादी के लिए युवक ने 15 वर्षीय नाबालिग के साथ पिया तेजाब

धनबाद(एजेंसी)। दो शादियों के बावजूद युवक को प्यार का ऐसा बुखार चढ़ा कि नाबालिग प्रेमिका के साथ तेजाब पी लिया। मामला झारखंड के धनबाद जिले का है जहां वासेपुर में दो पत्नी और दो बच्चों वाले 30 वर्षीय मोहम्मद इजाद ने पड़ोस में रहने वाली 15 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका के साथ एसिड पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। दोनों एक सप्ताह से फरार थे और बताया जा रहा है कि भागकर मुंबई चले गए थे। काफी दबिश के बाद रविवार की सुबह दोनों घर लौटे थे। घर पहुँचते ही दोनों में मामूली विवाद हुआ जिसके बाद पहले प्रेमिका ने टॉयलेट में रखा एसिड पी लिया और फिर युवक ने भी तेजाब पीकर जान देने की कोशिश की। घटनास्थल पर सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिस ने तत्काल दोनों को एसएनएमएमसीएच भर्ती कराया। दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। 15 साल की प्रेमिका का इलाज वेंटिलेटर पर चल रहा है। वहीं युवक आईसीयू में भर्ती है। 

दो बीवी और दो बच्चों का बाप 30 वर्षीय इजाद अहमद दिहाड़ी मजदूरी का काम करता है। इजाद का प्रेम प्रसंग पड़ोस में रहनेवाली 15 वर्षीय किशोरी से चल रहा था। पिछले शनिवार को इजाद ने अपनी पत्नी नसीम परवीन को यह कह कर मदीना नगर वासेपुर उसके मायके भेज दिया कि उसके पिता की तबीयत खराब है। नसीम अपने बच्चे के साथ मायके चली गई। नसीम के अनुसार उसे मायके भेजने के बाद पति इजाद पड़ोस में रहने वाली लड़की के साथ भाग गया। लड़की के घरवालों द्वारा की गई खोजबीन में पता चला कि दोनों मुंबई भाग गए हैं। दो दिन पहले इसकी सूचना पड़ोसियों से उसे मिली। जानकारी मिलते ही वह वापस अपने घर लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी जब पता नहीं चला तो लड़की के घरवालों के साथ बैंक मोड़ थाना जाकर नसीम ने पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान पति ने उससे संपर्क किया। पता चला दोनों मुंबई में हैं। पुलिस के कहने पर उसने काफी समझा-बुझाकर पति और उस लड़की को वापस घर बुलाया। बताया जा रहा है कि लड़की इजाद या अपने पिता के घर जाने से इंकार कर रही थी। वो इजाद पर अलग रहने के लिए दबाव बना रही थी। इजाद उसे जबरन घर लेकर आया।