लोन के नाम पर महिलाओं को लगाया चूना 

लोन के नाम पर महिलाओं को लगाया चूना 

बिलासपुर। बिलासपुर में महिलाओं को माइक्रो फाइनेंस कंपनी से लोन दिलाने के नाम पर एक दंपती ने लाखों रुपए की ठगी कर ली। शातिर दंपती ने पहले तो महिलाओं के नाम पर लोन निकलावाया। फिर जरूरत के रुपए उनको देकर बाकी खुद रख लिए। किश्त की रकम भी लेते रहे। जब कंपनी के कर्मचारियों ने कॉल किया तो मामला खुला। इसके बाद महिलाएं तखतपुर थाने पहुंची और FIR दर्ज करवाई। मामला दर्ज होने के बाद दंपती फरार हैं। जानकारी के मुताबिक, खम्हरिया गांव के अलग-अलग स्व सहायता समूहों से जुड़ी 40 से 50 महिलाओं ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी से लोन लिया था। इनमें से अधिकतर महिलाओं को गांव के ही दंपती कृष्ण कुमार श्रीवास और उसकी पत्नी गायत्री श्रीवास ने लोन दिलाया था। आरोप है कि दंपती ने कम राशि की जरूरत होने पर भी महिलाओं को अधिक लोन दिलाया। महिलाओं को उनकी जरूरत की रकम देकर शेष रुपए खुद रख लिए। आरोपियों ने महिलाओं को झांसा दिया कि जो रकम उन्होंने ली है, उसकी किश्त वे ही भरेंगे। उनकी बातों में आकर महिलाएं तैयार हो गईं। लोन मिलने के बाद महिलाएं अपने हिस्से की किश्त भी दंपती के पास ही जमा करने लगीं। महिलाओं का आरोप है कि करीब 20-22 सप्ताह तक तो दंपती ने कंपनी को किश्त दी, लेकिन फिर खुद ही रखना शुरू कर दिया। किश्त नहीं मिलने पर जब बैंक से कॉल आने लगे तो महिलाओं को इसका पता चला।