जमीन विवाद को लेकर कलेक्टोरेट के सामने भाइयों में खूनी संघर्ष, एक गंभीर

जमीन विवाद को लेकर कलेक्टोरेट के सामने भाइयों में खूनी संघर्ष, एक गंभीर

बिलासपुर। कलेक्ट्रेट के सामने जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। भाइयों ने मिलकर बेसबॉल बैट रॉड से हमला कर दौड़ा-दौड़ाकर दो भाइयों को मारते रहे। इस दौरान हमलावरों ने पेट और जांघ में चाकू मार दिया, जिससे वे खून से लथपथ होकर घायल हो गए। उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिविल लाइन पुलिस ने हमलावरों पर बलवा और जानलेवा हमला करने का केस दर्ज किया है।
जरहाभाठा मेन रोड में रहने वाले शेख मोहम्मद कम्प्यूटर और फोटोकापी की दुकान चलाता है। शेख मोहम्मद और उसके भाई शेख खलील सहित अन्य भाइयों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। उनका यह विवाद नजूल अधिकारी के न्यायालय में लंबित है, जिसकी सोमवार पेशी थी। केस में शेख शहजादा उर्फ सज्जू की गवाही होनी थी। कोर्ट में गवाही देने के बाद शाम करीब 5 बजे कलेक्ट्रेट के सामने शेख मोहम्मद, उसका भाई शेख शहजादा उर्फ सज्जू , शेख जलील और शेख मकसूद उर्फ बादशाह चाय पी रहे थे। उसी समय शेख खलील, शेख इब्राहिम, शेख इस्माइल, शेख इमरान, शेख इरफान, शेख आमिल, शेख आदिल और शेख अब्बास आ गए। सभी पीडि़त पक्ष के लोग होटल से बाहर आए और घर जाने के लिए गाड़ी चालू करने लगे। इतने में शेख इस्माइल और शेख खलील ने उनकी गाड़ी को गिरा दिया। इसके बाद शेख इब्राहिम , बादशाह उर्फ मकसूद को बेसबॉल बैट से मारने लगे। शेख शहजादा को शेख खलील और शेख आमिल अपने पास रखे चाकू से मारने लगे। हमलावरों ने उन्हें बोला कि तुम लोगों को आज जान से मार देंगे। इस दौरान उन्होंने शेख शहजादा पर चाकू, रॉड और स्टीक से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह खून से लथपथ होकर घायल होकर जमीन में गिर गया। हमलावरों ने बादशाह को भी दौड़ा कर रॉड से हमला कर पेट में चाकू मार दिया। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शेख मोहम्म्द की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ  बलवा और हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। वारदात के बाद से हमलावर फरार हैं।