दुर्ग की लड़की के साथ रायपुर में दुष्कर्म, फेसबुक में हुई थी दोस्ती

दुर्ग की लड़की के साथ रायपुर में दुष्कर्म, फेसबुक में हुई थी दोस्ती

रायपुर। दुर्ग निवासी एक लड़की के साथ उसके प्रेमी द्वारा रायपुर में दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। लड़की की शिकायत पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर युवक की पतासाजी में जुट गई है। मामला टिकरापारा इलाके के एक होटल का है। बताया जाता है कि लड़की ने इसकी शिकायत दुर्ग पुलिस में की थी लेकिन घटना स्थल रायपुर में होने के कारण केस रायपुर में ट्रांसफर कर दिया गया। 
मिली जानकारी के अनुसार दुर्ग की रहने वाली लड़की रायपुर में एक प्राइवेट कंपनी में काम करती है। लड़का भी यहीं प्राइवेट कंपनी में काम करता है। फेसबुक के जरिए 5 साल पहले दोनों में दोस्ती हो गई। देर रात तक दोनों साथ में चैटिंग किया करते थे। इसके बाद एक दूसरे से मिलने लगे। लड़के ने लड़की को प्रपोज किया साथ में समय बिताने लगे। कुछ महीने पहले दोनों के बीच शादी की बात को लेकर अनबन हो गई। लड़की ने कहा तुम मुझसे शादी करो, लड़के ने इनकार कर दिया। आरोप है कि वह लड़की के साथ कई बार शारीरिक संबंध बना चुका था। दोनों के बीच हुए झगड़े की वजह से ब्रेकअप हो गया। पिछले सप्ताह युवक ने फिर से लड़की से संपर्क किया । वह कहने लगा कि पुरानी बातें भूल जाओ, हम एक नई शुरुआत करते हैं। लड़की को मनाने के बहाने उसने होटल में बुलाया दोनों ने बातचीत की। लड़के ने इस दौरान फिर लड़की से संबंध बनाया और शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद लड़की परेशान रही, बदनामी के डर से पुलिस के पास नहीं गई। मगर उसने युवक के खिलाफ अब कार्रवाई का मन बनाया और दुर्ग पुलिस से संपर्क कर युवक के खिलाफ शिकायत की। फिर मामला रायपुर पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया।