बेटी ईतिश्री के संग छत्तीसगढ़ पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 

राज्यपाल और मुख्यमंत्री की उपस्थिति में जगन्नाथ मंदिर में की पूजा अर्चना

बेटी ईतिश्री के संग छत्तीसगढ़ पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार से अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंची हैं। बेटी इतिश्री के साथ राष्ट्रपति ने भगवान जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद थे। 

स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मेयर एजाज ढेबर ने उनकी अगुवाई की। मेयर ने राष्ट्रपति को चांदी से बनी शहर की चाबी भी सौंपी। इसके बाद एयरपोर्ट पर ही पुलिस के जवानों ने राष्ट्रपति को गार्ड आॅफ आॅनर दिया। यह पहला मौका है, जब राष्ट्रपति अपनी बेटी के साथ किसी यूनिवर्सिटी और धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होंगी। 
राष्ट्रपति मुर्मू दोपहर में राजभवन में ब्रह्माकुमारी प्रजापिता की ओर से आयोजित भोज में शामिल हुई। रायपुर में वे महंत घासीदास संग्रहालय भी जाएंगी और राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। दूसरे दिन यानी की एक सितंबर की सुबह बिलासपुर में गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
उनकी बेटी इतिश्री भी साथ रहेंगी। बता दें कि इतिश्री पहली बार अपनी मां के साथ शैक्षणिक और धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने आ रही हैं। यह पहला मौका होगा जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ उनकी बेटी भी धार्मिक स्थल व विश्वविद्यालय के दीक्षांत कार्यक्रम में शामिल होंगी। इतिश्री के पति गणेश चंद्र हेम्ब्रम रग्बी खिलाड़ी हैं। इतिश्री ने अपनी पढ़ाई सूर्यदत्त इंस्टीट्यूट आॅफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन पुणे से पूरी की है।
कल महामाया देवी दर्शन कर दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल
राष्ट्रपति मुर्मू अपनी बेटी इतिश्री के साथ एक सितंबर को राजभवन से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी, फिर सेना के हेलीकाप्टर से बिलासपुर आएंगी। यहां पं. सुंदरलाल शर्मा ओपन यूनिवर्सिटी के हेलीपेड में राज्यपाल हरिचंदन, सीएम बघेल, मेयर रामशण यादव, कुलपति प्रो. आलोक चक्रवाल, रजिस्ट्रार प्रो. मनीष श्रीवास्तव, कमिश्नर केडी कुंजाम, आईजी डॉ. आनंद छाबड़ा, कलेक्टर संजीव झा, एसपी संतोष कुमार सिंह उनकी अगुवाई करेंगे। पहले रार्ष्ट्रपति रतनपुर स्थित महामाया मंदिर जाएंगी और पूजा अचर्ना करने के बाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी की दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।