जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश, 7 आरोपी गिरफ्तार; ₹1.08 लाख की सामग्री जब्त
मोबाइल की रोशनी में 52 पत्ती ताश से लगा रहे थे दांव, ₹14,100 नगद और 6 मोबाइल फोन जब्त









दुर्ग। दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ग्राम सोनेसरार के कोलकी रास्ते पर दबिश देकर आरोपियों के कब्जे से ₹14,100 नगद, 52 पत्ती ताश की एक गड्डी और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹1,08,100 बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सोनेसरार के कोलकी रास्ते पर कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर ताश से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही धमधा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की।
बताया गया कि आरोपी रात के अंधेरे में मोबाइल फोन की रोशनी का इस्तेमाल कर 52 पत्ती ताश से जुआ खेल रहे थे। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि मौके पर मौजूद 7 लोगों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और नगदी रकम जब्त कर सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
ये सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में यशवंत कुमार वर्मा (41), राजू पटेल (33), सुरेश वर्मा (39), शेष नारायण यादव (42), पुरुषोत्तम वर्मा (33), चंद्रशेखर कश्यप (46) और टिकेश्वर वर्मा (26) शामिल हैं। सभी ग्राम सोनेसरार, थाना धमधा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
