घर के गेट पर स्कूटी-बुलेट खड़ी करने को लेकर विवाद, महिला और उसके भाई पर धारदार हथियार से हमला
स्मृतिनगर चौकी में शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई, आरोपी सरजीत सिंह गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया









भिलाई। घर के गेट के सामने स्कूटी और बुलेट खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि पड़ोसी ने एक महिला और उसके भाई के साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों के साथ धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में महिला के बाएं कंधे और छाती पर कटने की चोट आई, जबकि उसके भाई के बाएं बाजू में चोट लगने से दर्द हुआ। मामले में सुपेला थाना क्षेत्र की स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने आरोपी सरजीत सिंह के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।
सुबह 7:30 बजे वाहन हटाने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, प्रार्थिया नेहा सिंह अपने परिवार के साथ सुपेला क्षेत्र में रहती हैं और निजी नौकरी करती हैं। 12 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे उनके घर के गेट के सामने पड़ोसी सरजीत सिंह की स्कूटी और बुलेट खड़ी थी। नेहा सिंह ने आरोपी से वाहन हटाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि सरजीत सिंह ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद नेहा सिंह ने अपने भाई गौतम सिंह को मौके पर बुलाया। गौतम सिंह ने जब गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंची मां
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने हाथ-मुक्कों के साथ हाथ में रखे धारदार हथियार से भी हमला किया। इस दौरान नेहा सिंह के बाएं कंधे और छाती पर कटने की चोट आई, जबकि उनके भाई गौतम सिंह के बाएं बाजू में चोट लगी। घटना के समय नेहा सिंह की मां संगीता सिंह भी मौके पर मौजूद थीं। उन्होंने बीच-बचाव किया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़िता की शिकायत पर सुपेला थाने में अपराध क्रमांक 1538/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी सरजीत सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
