महमोरा में निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर औजार चोरी, दो नाबालिग पकड़े गए

टुल्लू मशीन, कटर मशीन, साइकिल, हथौड़ी और सब्बल सहित चोरी की सामग्री बरामद, किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष किया जाएगा पेश

महमोरा में निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर औजार चोरी, दो नाबालिग पकड़े गए

दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र के महमोरा में निर्माणाधीन मकान के स्टोर रूम का ताला तोड़कर औजार और अन्य सामग्री चोरी करने के मामले में चौकी अंजोरा पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की टुल्लू मशीन, कटर मशीन, लोहे की हथौड़ी, साइकिल, सब्बल और अन्य औजार बरामद किए हैं। दोनों को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

सुबह मकान पहुंचे तो टूटा मिला ताला

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने 11 अक्टूबर 2026 को चौकी अंजोरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि महमोरा में उनका नया मकान निर्माणाधीन है। मकान में औजार और अन्य सामग्री रखने के लिए स्टोर रूम बनाया गया है।

10 अक्टूबर को काम समाप्त होने के बाद वे घर लौट गए थे। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे निर्माणाधीन मकान पहुंचे तो स्टोर रूम के सामने लगा ताला टूटा हुआ मिला। अंदर रखे औजार और अन्य सामग्री गायब थी।

मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए दोनों बालक

शिकायत के आधार पर चौकी अंजोरा, थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 897/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान चोरी की सामग्री बरामद की गई।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने टुल्लू मशीन, कटर मशीन, लोहे की हथौड़ी, साइकिल, सब्बल और अन्य औजार जब्त किए हैं। दोनों बालकों को किशोर न्याय संबंधी नियमों के अनुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि निर्माणाधीन मकानों और दुकानों में रखे औजारों तथा अन्य कीमती सामान की सुरक्षा के लिए उचित इंतजाम करें। चोरी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या चौकी को सूचित करें।