भिलाई बंगाली समाज का बड़ा सामाजिक उपहार, सर्वसमाज को समर्पित हुआ नया स्वर्गरथ
20वें स्थापना दिवस पर बीबीएस की अनूठी पहल, अंतिम यात्रा सेवा के लिए स्वर्गरथ लोकार्पित


भिलाई। भिलाई बंगाली समाज (बीबीएस) ने अपने 20वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को नए स्वर्गरथ को समारोहपूर्वक सर्वसमाज को समर्पित किया। बीबीएस कार्यालय, आदर्श मिडिल स्कूल, बीएसपी सेक्टर-7 में आयोजित कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, संरक्षक, सदस्य और बड़ी संख्या में शुभचिंतक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुई, जिसके बाद स्वर्गरथ की औपचारिक हैंडओवर सेरेमनी संपन्न हुई। इस दौरान समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वर्गरथ समाज के सदस्यों, संरक्षकों और शुभचिंतकों के सहयोग एवं आर्थिक योगदान से तैयार किया गया है। इसके लिए सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समाज ने बताया कि स्थापना के 21 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्वर्गरथ लोकार्पण समारोह को विशेष रूप से स्थापना दिवस कार्यक्रम के साथ जोड़ा गया, जिससे आयोजन और अधिक यादगार बन गया। धार्मिक कार्यक्रमों के बाद सामूहिक प्रीति भोज का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने सहभागिता की। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समारोह को आकर्षक बनाया और दर्शकों का मन मोह लिया।

भिलाई बंगाली समाज पिछले दो दशकों से सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। समाज द्वारा स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, जरूरतमंद परिवारों की सहायता, शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रयास तथा बंगाली भाषा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण के लिए नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि नया स्वर्गरथ किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सर्व समाज के लिए उपलब्ध रहेगा। यह सेवा अंतिम यात्रा के दौरान जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सहयोग साबित होगी। समाज ने भविष्य में भी सामाजिक सेवा, मानवीय सहयोग और सामुदायिक सद्भाव के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
