शराब के लिए मांगे पैसे, नहीं देने पर युवक से मारपीट, फिर पीकअप में की तोड़फोड़; आरोपी गिरफ्तार

जामुल थाना क्षेत्र के ढौर गांव की घटना, ₹1000 छीनने और वाहन क्षतिग्रस्त करने वाले आरोपी को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर दबोचा

शराब के लिए मांगे पैसे, नहीं देने पर युवक से मारपीट, फिर पीकअप में की तोड़फोड़; आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जामुल थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगकर एक युवक के साथ मारपीट करने और उसके वाहन में तोड़फोड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पहले पैसे नहीं देने पर प्रार्थी के साथ मारपीट की और डराकर उससे ₹1000 ले लिए। इसके बाद शाम को दोबारा हमला कर पीकअप वाहन को भी नुकसान पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी दिनेश रात्रे, निवासी ग्राम ढौर, 17 जुलाई की सुबह करीब 6:30 बजे काम पर जाने के लिए भाठापारा ढौर की ओर गया था। इसी दौरान गांव के ही दुर्गेश बंजारे ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। इंकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। भय के कारण प्रार्थी ने उसे ₹1000 दे दिए।

आरोप है कि उसी दिन शाम को दुर्गेश बंजारे ने फिर से दिनेश रात्रे के साथ मारपीट की और उसके पीकअप वाहन में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। घटना की शिकायत मिलने पर जामुल पुलिस ने अपराध क्रमांक 507/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2), 119(1) और 324(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश कर घेराबंदी करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी दुर्गेश बंजारे (24 वर्ष), निवासी भाठापारा ढौर, थाना जामुल को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।