GPF की राशि जारी करने के नाम पर 10 हजार की रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार

दुर्ग में ACB की ट्रैप कार्रवाई, जल संसाधन विभाग के सहायक ग्रेड-2 को रंगे हाथ पकड़ा

GPF की राशि जारी करने के नाम पर 10 हजार की रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार

दुर्ग। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने दुर्ग में बड़ी कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विद्युत यंत्र विभाग के सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्मचारी से उसके कार्यालय में ही रिश्वत की राशि बरामद की गई।

जानकारी के अनुसार विभाग में पदस्थ कर्मचारी नंदकुमार ने अपने बेटे की शादी के लिए सामान्य भविष्य निधि (GPF) खाते से 5 लाख रुपये निकालने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस आवेदन को आगे बढ़ाने और राशि स्वीकृत कराने के एवज में सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। रिश्वत की मांग से परेशान कर्मचारी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद रायपुर से पहुंची ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 10 हजार रुपये दिए, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली गई।

फिलहाल आरोपी को दुर्ग स्थित सर्किट हाउस लाकर आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के बाद उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।