कलेक्टर अभिजीत सिंह ने नशा मुक्ति केंद्र का किया निरीक्षण, पुनर्वास और बेहतर सुविधाओं पर दिया जोर

सुपेला स्थित केंद्र में मरीजों से की बातचीत, भोजन, दवा, सुरक्षा और काउंसलिंग व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने नशा मुक्ति केंद्र का किया निरीक्षण, पुनर्वास और बेहतर सुविधाओं पर दिया जोर

दुर्ग। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सोमवार को सुपेला स्थित कल्याणी सोशल वेलफेयर एंड रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन द्वारा संचालित नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपचार, परामर्श और पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र के संचालक अजय कल्याणी से भोजन, दवाइयों की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था और चिकित्सकीय सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र में भर्ती सभी मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। कलेक्टर ने कहा कि नशा मुक्ति केंद्र केवल इलाज का स्थान नहीं है, बल्कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने मरीजों के समग्र पुनर्वास और मानसिक रूप से मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई।

केंद्र के संचालक अजय कल्याणी ने बताया कि यहां मरीजों को सकारात्मक वातावरण में नियमित काउंसलिंग, योग, व्यायाम, मेडिटेशन और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। सामान्यतः मरीजों का लगभग एक माह तक उपचार और पुनर्वास किया जाता है। इसके बाद घर लौटने पर भी नियमित फॉलोअप काउंसलिंग की जाती है, ताकि वे दोबारा नशे की गिरफ्त में न आएं। निरीक्षण के दौरान समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक ए.पी. गौतम सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।