परसतराई सेवा सहकारी समिति में सहकारी सप्ताह का शुभारंभ, किसानों को योजनाओं की दी गई जानकारी
29 जून से 6 जुलाई तक चलेंगे कार्यक्रम, नए किसानों को मिली सदस्यता, खाद, बीज, केसीसी और पशुपालन योजनाओं पर किया गया जागरूक

अर्जुन्दा। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा सहकारी समिति मर्यादित परसतराई में सोमवार से सहकारी सप्ताह का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम 29 जून से 6 जुलाई तक समिति परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बलराम की पूजा-अर्चना और छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत "अरपा पैरी के धार" के गायन से हुई। इसके बाद समिति के प्राधिकृत अधिकारी सतीश साहू ने ध्वजारोहण किया।

सहकार सदस्यता अभियान के तहत तीन नए किसानों को समिति की सदस्यता प्रदान की गई। समिति प्रबंधक बहादुर पिपरिया ने समिति के बायलॉज का वाचन करते हुए किसानों को सहकारिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने किसानों को खाद, बीज, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), सदस्यता विस्तार, गौपालन, मत्स्य पालन और बकरी पालन जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए शासन की विभिन्न कृषि एवं स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही किसानों की आय बढ़ाने के लिए उपलब्ध सुविधाओं पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। साथ ही रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग और वैज्ञानिक खेती के महत्व पर भी मार्गदर्शन दिया। इस अवसर पर सतीश साहू, कुलेश्वर देशमुख, महतरु ठाकुर, राजेंद्र गोस्वामी, बहादुर पिपरिया, डीगेंद्र पिपरिया, मुकेश ठाकुर, राजू लाल साहू, संजय ठाकुर, शिव नेताम सहित करीब 30 किसान भाई-बहन उपस्थित रहे।
