जेके लक्ष्मी सीमेंट के रक्तदान शिविर में 489 यूनिट रक्त संग्रह, हरिशंकर सिंघानिया जयंती पर हुआ आयोजन

कर्मचारियों, श्रमिकों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, 11 वर्षों में प्लांट से 6000 यूनिट रक्तदान

जेके लक्ष्मी सीमेंट के रक्तदान शिविर में 489 यूनिट रक्त संग्रह, हरिशंकर सिंघानिया जयंती पर हुआ आयोजन

भिलाई। जेके लक्ष्मी सीमेंट दुर्ग संयंत्र में पद्म भूषण स्वर्गीय हरिशंकर सिंघानिया की 93वीं जयंती के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में 489 लोगों ने रक्तदान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत हरिशंकर सिंघानिया के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। शिविर में संयंत्र के कर्मचारियों, विभिन्न ठेका कंपनियों के श्रमिकों तथा आसपास के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

संयंत्र प्रमुख राजपाल सिंह शेखावत ने कहा कि हरिशंकर सिंघानिया केवल एक सफल उद्योगपति ही नहीं, बल्कि समाजसेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्व थे। उनके जन्मदिवस पर देशभर में जेके ऑर्गेनाइजेशन की इकाइयों द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

मानव संसाधन विभाग के प्रमुख मनीष तिवारी ने बताया कि दुर्ग स्थित जेके लक्ष्मी सीमेंट संयंत्र में पिछले 11 वर्षों के दौरान लगभग 6000 यूनिट रक्तदान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस सामाजिक पहल के लिए हाल ही में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल द्वारा संयंत्र को प्रशस्ति पत्र से भी सम्मानित किया गया है।

रक्तदान शिविर में अहिवारा नगर पालिका अध्यक्ष विद्यानंद कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। शिविर का संचालन रेड क्रॉस सोसाइटी रायपुर, बिलासा ब्लड बैंक, बालाजी ब्लड बैंक और जेके लक्ष्मी सीमेंट के ऑक्यूपेशनल हेल्थ सेंटर की संयुक्त टीम द्वारा किया गया।

इस अवसर पर संयंत्र प्रमुख राजपाल शेखावत, मानव संसाधन विभाग के प्रमुख मनीष तिवारी, जेके लक्ष्मी सीमेंट संयंत्र के ऑक्यूपेशनल हेल्थ सेंटर के डॉ. अमित यादव एवं संयंत्र के विभाग प्रमुख, कर्मचारी एवं श्रमिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे ।