पिकअप वाहन से 15.5 किलो गांजा बरामद, 17.72 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
स्टेपनी टायर में छिपाकर हो रही थी गांजा तस्करी, दुर्ग पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा


दुर्ग। नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही दुर्ग पुलिस ने जामुल क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल करते हुए स्टेपनी टायर के भीतर छिपाकर गांजा तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 किलो 500 ग्राम गांजा, एक पिकअप वाहन, चार मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 17.72 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार 20 जून 2026 को दोपहर करीब 1 बजे थाना जामुल को मुखबिर से सूचना मिली कि घासीदास नगर मैदान में खड़ी सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 CZ 8442 में अवैध मादक पदार्थ रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर जांच शुरू की।
वाहन में तीन युवक सवार थे। तलाशी के दौरान प्लास्टिक कैरेट के बीच रखे दो स्टेपनी टायर संदिग्ध पाए गए। पुलिस ने ऑटो मिस्त्री की मदद से टायरों को खुलवाया, जिसमें एक टायर के अंदर 16 और दूसरे टायर के अंदर 15 पैकेट मिले। जांच करने पर इनमें कुल 15 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गांजा को छिपाकर परिवहन कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान गांजा के अलावा पिकअप वाहन, चार मोबाइल फोन और बिक्री से प्राप्त 2 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए।
आरोपियों की पहचान आकाश जांगड़े (18), निवासी बागडूमर थाना नंदिनी, मुकेश कुमार सेन (22), निवासी घासीदास नगर दुर्ग तथा टिकेश्वर यादव (18), निवासी घासीदास नगर जामुल के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जब्त सामग्री
15 किलो 500 ग्राम गांजा (कीमत लगभग 7.50 लाख रुपये)
पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 CZ 8442
4 मोबाइल फोन
2,000 रुपये नकद
कुल जब्ती मूल्य : 17.72 लाख रुपये
