नशे के कारोबारियों पर धमतरी पुलिस का सबसे बड़ा आर्थिक प्रहार, 35.85 लाख की संपत्ति फ्रीज

जिले में पहली बार SAFEMA के तहत कार्रवाई, ड्रग तस्करों की बैंक जमा, बीमा, वाहन और अचल संपत्तियों पर शिकंजा

नशे के कारोबारियों पर धमतरी पुलिस का सबसे बड़ा आर्थिक प्रहार, 35.85 लाख की संपत्ति फ्रीज

धमतरी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी आर्थिक कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करों की 35.85 लाख रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति फ्रीज कर दी है। जिले में पहली बार SAFEMA (Smugglers and Foreign Exchange Manipulators Forfeiture of Property Act) के तहत यह कार्रवाई की गई है।

पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक धमतरी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों की गहन जांच की गई। जांच में सामने आया कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री से अर्जित धन को बैंक खातों, बीमा योजनाओं, वाहनों और अचल संपत्तियों में निवेश किया गया था।

पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में पहले प्रकरण में आरोपी आरती रजक की बैंक खातों और बीमा योजनाओं में निवेशित 12.93 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज की गई। वहीं दूसरे प्रकरण में आरोपी करण सिंह ध्रुवांशी, उषा बाई ध्रुवांशी और जाइका ध्रुवांशी की बैंक खातों, वाहन एवं अचल संपत्तियों सहित 22.91 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज की गई। दोनों मामलों में कुल 35,85,116 रुपये मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज कर वैधानिक कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकारी मुंबई को भेजा गया है। पुलिस के अनुसार संबंधित आरोपियों के खिलाफ पहले से NDPS Act के तहत मामले दर्ज हैं तथा उनके विरुद्ध PITNDPS Act के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।