बोरसी भाठा की शासकीय भूमि से वर्षों पुराना अतिक्रमण हटाया, निगम-राजस्व और पुलिस की संयुक्त बड़ी कार्रवाई

बोरसी भाठा की शासकीय भूमि से वर्षों पुराना अतिक्रमण हटाया, निगम-राजस्व और पुलिस की संयुक्त बड़ी कार्रवाई

दुर्ग।  नगर पालिक निगम दुर्ग, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा आज वार्ड क्रमांक 50 बोरसी भाठा स्थित शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। न्यायालयीन आदेश के पालन में निगम, राजस्व एवं पुलिस अमले की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की सहायता से वर्षों पुराने अतिक्रमण को हटाकर शासकीय भूमि को मुक्त कराया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बोरसी भाठा क्षेत्र की शासकीय भूमि खसरा नंबर 194/1 पर कुल 35 व्यक्तियों द्वारा कब्जा किया गया था। उक्त प्रकरण में तहसीलदार न्यायालय द्वारा अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए गए थे।कब्जाधारियों द्वारा दायर अपील को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), दुर्ग द्वारा निरस्त कर दिया गया था। 35 अतिक्रमण प्रकरणों में से एक प्रकरण में माननीय उच्च न्यायालय से स्थगन प्राप्त है, जबकि 19 प्रकरणों में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी न्यायालय से स्थगन आदेश प्रभावशील है। वहीं 10 प्रकरण वर्तमान में विचाराधीन हैं।

शेष 4 प्रकरणों में संबंधित व्यक्तियों द्वारा शासकीय भूमि पर कब्जा कर व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। इनमें जीवन यादव, कुमारी बाई, मोहन खेरडे एवं रोहित विश्वकर्मा के नाम शामिल हैं। इन प्रकरणों में किसी प्रकार का स्थगन आदेश प्रभावी नहीं होने के कारण आज राजस्व विभाग, नगर निगम दुर्ग एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।