दुकान का ताला तोड़कर 1.23 लाख रुपये चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 99,500 रुपये बरामद

दुकान का ताला तोड़कर 1.23 लाख रुपये चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 99,500 रुपये बरामद

जामुल। थाना जामुल पुलिस ने दुकान का ताला तोड़कर नगदी चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 99,500 रुपये बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी ओम प्रकाश साहू, निवासी दुर्गा मंदिर जामुल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 जून 2026 को सुबह करीब 11:35 बजे वह अपनी दुकान खोलकर कुछ दूरी पर गया था। वापस लौटने पर उसने देखा कि दुकान के ड्रॉज का ताला टूटा हुआ है और उसमें रखी 1 लाख 23 हजार रुपये की नगदी गायब है।

शिकायत के आधार पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 414/2026 के तहत धारा 331(3) एवं 305 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों से जानकारी जुटाई। जांच में मिले सुरागों के आधार पर संदेही मोहम्मद जुनैद (21 वर्ष) निवासी इंदु आईटी स्कूल के पास, कोहका, भिलाई को घेराबंदी कर पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई रकम में से 99,500 रुपये नगद बरामद किए गए। आरोपी ने बताया कि शेष राशि वह खर्च कर चुका है। पुलिस ने बरामद नगदी को विधिवत जब्त कर आरोपी को 16 जून 2026 को गिरफ्तार किया। बाद में उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।