नाली पर किए गए अवैध अतिक्रमण पर निगम की कार्रवाई, जेसीबी से हटाया गया निर्माण

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में जोन-2 वैशाली नगर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 24 स्थित हाउसिंग बोर्ड फौजी नगर में नाली के ऊपर किए गए अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई। निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि स्थानीय निवासी राजकुमार द्वारा नाली के ऊपर अवैध निर्माण कर अतिक्रमण किया गया था। इससे नालियों की नियमित सफाई और रखरखाव कार्य प्रभावित हो रहा था तथा क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था बाधित होने की आशंका बनी हुई थी।

मामले की शिकायत कलेक्टर जनदर्शन में की गई थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद जोन-2 राजस्व विभाग द्वारा जांच की गई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। निगम की टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से नाली के ऊपर किए गए अवैध निर्माण को हटाकर नाली को अतिक्रमण मुक्त कराया। राजस्व अधिकारियों के अनुसार नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों से सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है। विशेषकर बरसात के मौसम में ऐसे अतिक्रमण जलभराव और निकासी संबंधी समस्याओं का कारण बन सकते हैं। इसी को देखते हुए निगम द्वारा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान जोन-2 राजस्व विभाग और बेदखली की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। निगम प्रशासन ने नागरिकों से सार्वजनिक भूमि, नालियों और शासकीय संपत्तियों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।