गैरेज में खड़ी कार से इंटरकूलर चोरी, CCTV फुटेज से चढ़ा पुलिस के हत्थे

सुपेला पुलिस ने 10 हजार रुपये की चोरी का किया खुलासा, आरोपी न्यायिक रिमांड पर

गैरेज में खड़ी कार से इंटरकूलर चोरी, CCTV फुटेज से चढ़ा पुलिस के हत्थे

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में गैरेज में मरम्मत के लिए खड़ी कार से इंटरकूलर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार विश्वकर्मा मार्केट स्थित श्री बालाजी रत्ना मोटर्स वर्क्स के संचालक ने 7 जून को थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मरम्मत के लिए गैरेज में खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार (CG 07 AG 4848) का इंटरकूलर गायब हो गया था। जांच के दौरान गैरेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक व्यक्ति वाहन का इंटरकूलर कपड़े में लपेटकर ले जाते हुए दिखाई दिया।

फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान बंटी उर्फ बेटी जी नट (30 वर्ष), निवासी न्यू कृष्णा नगर, सुपेला के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से चोरी किया गया इंटरकूलर बरामद किया गया।

प्रकरण में थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 807/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया इंटरकूलर सहित अन्य आवश्यक साक्ष्य भी जब्त किए हैं।