नकली सोने के बिस्किट बेचकर ठगी, 5 आरोपी गिरफ्तार, 1.24 किलो नकली धातु और कार जब्त
जमीन में गड़ा खजाना मिलने की कहानी सुनाकर बनाते थे शिकार


भिलाई। थाना उतई पुलिस ने नकली सोने के बिस्किट बेचकर लोगों से ठगी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी जमीन में गड़ा हुआ खजाना मिलने और हंडे में सोने के बिस्किट मिलने की कहानी सुनाकर लोगों को झांसे में लेते थे और नकली धातु को असली सोना बताकर सस्ते दाम में बेचने का लालच देते थे।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी जितेंद्र साहू निवासी बोरसी की शिकायत पर थाना उतई में अपराध क्रमांक 288/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपी सुनियोजित तरीके से लोगों को विश्वास में लेकर नकली धातु को असली सोना बताकर उनसे बड़ी रकम ऐंठते थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब 1 किलो 242 ग्राम वजन के सोने जैसे दिखने वाले नकली धातु के बिस्किट, एक नकली सिक्का, घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य सामग्री बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश कुमार टंडन (50 वर्ष) निवासी गाड़ाडीह, पन्नालाल कुर्रे (42 वर्ष) निवासी सीपत पिपरिया कोरबा, गणेशराम गंधर्व (56 वर्ष) निवासी सहसपुर लोहारा कबीरधाम, रामस्वरूप रौतेल (30 वर्ष) निवासी जगतपुर जिला डिंडोरी (मध्यप्रदेश) तथा भानुप्रताप डहरिया (40 वर्ष) निवासी तारा भाटापारा थाना पाटन शामिल हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पन्नालाल कुर्रे के खिलाफ इसी तरह की ठगी के अन्य मामलों की जानकारी मिली है। वहीं आरोपी दिनेश कुमार टंडन के विरुद्ध पूर्व में मारपीट और संपत्ति संबंधी अपराध दर्ज होने की पुष्टि हुई है।
आरोपी का विवरण :
1. दिनेश कुमार टंडन, उम्र 50 वर्ष, निवासी गाड़ाडीह, थाना उतई, जिला दुर्ग।
2. पन्नालाल कुर्रे, उम्र 42 वर्ष, निवासी सीपत पिपरिया, जिला कोरबा।
3. गणेशराम गंधर्व, उम्र 56 वर्ष, निवासी सहसपुर लोहारा, जिला कबीरधाम।
4. रामस्वरूप रौतेल, उम्र 30 वर्ष, निवासी जगतपुर, थाना करंजिया, जिला डिंडोरी (मध्यप्रदेश)।
5. भानुप्रताप डहरिया, उम्र 40 वर्ष, निवासी तारा भाटापारा, थाना पाटन, जिला दुर्ग।
▪️ जब्त सामग्री :
1. लगभग 01 किलो 242 ग्राम वजन के सोने जैसे दिखने वाले नकली धातु के बिस्किट।
2. एक सोने के सिक्के जैसा दिखने वाला धातु का सिक्का, वजन लगभग 6.38 ग्राम।
3. घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार क्रमांक CG-04-HC-6220।
4. मोबाइल फोन एवं अन्य साक्ष्य सामग्री।