सुशासन तिहार के विरोध में AAP का अनोखा प्रदर्शन, अधिकारियों और पार्षदों को बांटी मेलोडी चॉकलेट

सुशासन तिहार के विरोध में AAP का अनोखा प्रदर्शन, अधिकारियों और पार्षदों को बांटी मेलोडी चॉकलेट

भिलाई। छत्तीसगढ़ सरकार के ‘सुशासन तिहार 2026’ के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) ने मंगलवार को भिलाई में अनोखा प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष जसप्रीत सिंह के नेतृत्व में नगर निगम अधिकारियों, प्रतिपक्ष नेता और पार्षदों को मेलोडी चॉकलेट भेंट कर विरोध जताया तथा विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

जसप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि ‘सुशासन तिहार’ केवल प्रचार और विज्ञापनों तक सीमित है, जबकि जनता की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये विज्ञापनों पर खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर विकास और जनसमस्याओं के निराकरण के लिए प्रभावी कार्य नहीं हो रहे हैं।

पिछले साल की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोन-4 आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पिछले वर्ष आयोजित सुशासन तिहार में भी कई जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए गए थे, लेकिन उन पर आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पार्टी नेताओं का कहना है कि अधिकारियों को मेलोडी चॉकलेट देकर उन्हें जनता को दिए जा रहे "मीठे आश्वासनों" की याद दिलाई गई है।

ज्ञापन में उठाए गए प्रमुख मुद्दे

AAP ने अपने ज्ञापन में कई मामलों की जांच और कार्रवाई की मांग की है। इनमें प्रमुख रूप से:

  • खुर्सीपार कैमरा परियोजना में कथित अनियमितताओं की जांच
  • कैनाल रोड निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की उच्च स्तरीय जांच
  • खुर्सीपार बाल मंदिर खेल मैदान के निर्माण की मांग
  • लंबित शिकायतों पर कार्रवाई और कथित भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कदम

आंदोलन की चेतावनी

जिला अध्यक्ष जसप्रीत सिंह ने कहा कि यदि शिकायतों और मांगों पर इस बार भी कार्रवाई नहीं हुई तो आम आदमी पार्टी कलेक्ट्रेट घेराव सहित बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ेगी।

इस दौरान धर्मेंद्र कुमार चौधरी, रामपाल, अमजद अली, विजय अग्रवाल, सूरज, बलविंदर सिंह, चंदन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।