हुडको में बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग, रहवासियों ने कार्यपालन अभियंता को सौंपा ज्ञापन

भिलाई। रिसाली जोन अंतर्गत हुडको क्षेत्र में लगातार बिगड़ रही बिजली व्यवस्था को लेकर क्षेत्रवासियों के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य सीजू एंथोनी के नेतृत्व में 32 बंगला स्थित कार्यपालन अभियंता एन.के. राठी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।

रहवासियों ने बताया कि हल्की हवा चलने या मामूली बारिश होने पर भी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है और कई घंटों तक बहाल नहीं हो पाती। अक्सर जम्पर कटने, इंसुलेटर फटने और तकनीकी खराबियों के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मानसून पूर्व और गर्मी के मौसम में रखरखाव कार्य के लिए बिजली बंद किए जाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी कि पेट्रोल पंप फीडर क्षेत्र में एमआईजी-2/1 से 36 तथा रेलवे लाइन फीडर क्षेत्र में एमआईजी-1/904 से 924 एवं एमआईजी-2/200 से 214 के बीच नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएं। उनका कहना था कि एक या दो फेज बंद होने की समस्या सबसे अधिक परेशानी पैदा करती है। फॉल्ट ओके सेंटर (एफओसी) की टीम पहुंचने में देरी के कारण छोटी खराबियों के समाधान में भी कई घंटे लग जाते हैं।

रहवासियों ने यह भी बताया कि स्ट्रीट लाइट लाइन में खराबी आने पर कई दिनों तक अंधेरा बना रहता है। निगम द्वारा स्ट्रीट लाइट लगाने के बावजूद विद्युत लाइन के रखरखाव में देरी से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही हुडको सब स्टेशन में स्थायी कर्मचारियों की नियुक्ति और आवश्यक स्पेयर पार्ट्स, विशेषकर कट-आउट, उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
ज्ञापन पर चर्चा के दौरान कार्यपालन अभियंता एन.के. राठी ने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं को देखते हुए रिसाली जोन को दो भागों में विभाजित किया जा रहा है। जल्द ही एक नया सहायक अभियंता कार्यालय शुरू होगा, जिससे शिकायतों का त्वरित निराकरण संभव हो सकेगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि क्षेत्र में चार से पांच अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे, जिससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी।
इस अवसर पर सीजू एंथोनी, जावेद खान, आर.बी.के. राव, अरुण अग्रवाल, दीपांकर दास, बी.एल. मालवीय, सी. अनील, अरुण ठवकर, नेमीचंद शर्मा, श्यामल राय, मोहम्मद जावेद, गोविंद लाल अग्रवाल, पी. श्रीनिवास सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
