कामवाली बाई ने उड़ाए लाखों के गहने, पति और जीजा के साथ गिरफ्तार

कामवाली बाई ने उड़ाए लाखों के गहने, पति और जीजा के साथ गिरफ्तार

भिलाई। नेवई थाना पुलिस ने घर में चोरी करने वाली कामवाली महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख 22 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया गया है। मामले में सोने-चांदी के जेवर, नगदी, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक आशीषनगर पश्चिम रिसाली निवासी दुर्गा प्रसाद नागपुरे ने 26 मई 2026 को थाना नेवई में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि घर की आलमारी में रखे पर्स से सोने का हार, मांगटीका, नथनी, कड़े, मंगलसूत्र और कान के टॉप्स सहित करीब 14.5 ग्राम सोने के जेवर गायब थे। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को घर में काम करने वाली मालती ध्रुव पर संदेह हुआ। पुलिस ने मालती ध्रुव, उसके पति देवीलाल ध्रुव और जीजा हेमलाल मंडावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।

आरोपी मालती ने बताया कि वह 19 अप्रैल 2026 को दुर्गा प्रसाद नागपुरे के घर काम करने गई थी। इसी दौरान उसने आलमारी में रखे जेवर चोरी कर लिए। बाद में पति और जीजा की मदद से कुछ जेवर मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखकर लोन लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 4 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर, 10 हजार रुपए नगद, मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखे 7.47 लाख रुपए के जेवर की स्लिप, एक्टिवा वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्ती करीब 12 लाख 22 हजार रुपए की बताई गई है। मामले में पुलिस ने मालती ध्रुव, देवीलाल ध्रुव और हेमलाल मंडावी को 28 मई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया।