निर्माणाधीन मकान से चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, सामग्री बरामद

भिलाई। उतई पुलिस ने निर्माणाधीन मकान से बिल्डिंग मटेरियल चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पूरी सामग्री भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के मुताबिक, 27 अप्रैल को नेवई बस्ती निवासी दीनानाथ प्रजापति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उमरपोटी स्थित उनके निर्माणाधीन मकान से 10 बोरी सीमेंट, 3 बंडल लोहे की रॉड और एक बोरी केबल वायर अज्ञात लोगों ने चोरी कर लिया है।

शिकायत के आधार पर थाना उतई में अपराध क्रमांक 222/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक चोरी की लोहे की सामग्री बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई 10 बोरी सीमेंट, 3 बंडल लोहे की रॉड और केबल वायर बरामद कर जप्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
ओम प्रकाश तारम (20 वर्ष) और रोहित यादव (20 वर्ष), दोनों निवासी नेवई भाटा
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

