दुर्ग में सख्त चेकिंग का असर: 80% दोपहिया चालक पहन रहे हेलमेट

दुर्ग में सख्त चेकिंग का असर: 80% दोपहिया चालक पहन रहे हेलमेट

भिलाई। सड़क सुरक्षा को लेकर दुर्ग यातायात पुलिस की सख्ती अब असर दिखाने लगी है। लगातार चल रहे सघन चेकिंग अभियान के चलते जिले में करीब 80% दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का उपयोग करते पाए गए हैं।

यातायात पुलिस द्वारा पिछले दो महीनों से जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर रोजाना सुबह 8 बजे से देर रात तक चेकिंग की जा रही है। इस दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।  रेल चौक, डीपीएस चौक, मुर्गा चौक, सुभाष चौक, श्रीराम चौक, जुनवानी चौक और राजेन्द्र प्रसाद चौक समेत 7 प्रमुख स्थानों पर संयुक्त रूप से यातायात और थाना पुलिस की टीम तैनात है। यहां नियम तोड़ने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान काटे जा रहे हैं।

आंकड़ों पर नजर डालें तो साल 2026 के पहले तीन महीनों में ही 20,930 चालकों पर बिना हेलमेट के चालान किया गया है। पुलिस का कहना है कि लगातार कार्रवाई और जागरूकता अभियान के चलते लोगों के व्यवहार में बदलाव आया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी बढ़े।