ग्रीन कॉरिडोर बनाकर 26 मिनट में पहुंची एम्बुलेंस, दुर्ग ट्रैफिक पुलिस की तत्परता से बची जान

भिलाई। गंभीर मरीज को समय पर इलाज दिलाने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता का परिचय दिया। ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एम्बुलेंस को महज 26 मिनट में भिलाई से रायपुर पहुंचाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को B.M. शाह हॉस्पिटल, सुपेला में भर्ती एक गंभीर मरीज की हालत नाजुक हो गई थी। डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सुयश हॉस्पिटल, कोटा रायपुर रेफर किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना तत्काल यातायात पुलिस दुर्ग को दी गई।

सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस ने तेजी से योजना बनाकर ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। रास्ते में पड़ने वाले सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पहले से पुलिस बल तैनात कर दिया गया और यातायात को डायवर्ट किया गया, ताकि एम्बुलेंस को कहीं भी रुकना न पड़े।
खास बात यह रही कि कुम्हारी ब्रिज पर डायवर्सन होने के बावजूद एम्बुलेंस को प्राथमिकता देते हुए पूरी तरह निर्बाध रास्ता उपलब्ध कराया गया। परिणामस्वरूप एम्बुलेंस मात्र 26 मिनट में रायपुर स्थित सुयश हॉस्पिटल पहुंच गई, जहां मरीज का इलाज जारी है।
