छत्तीसगढ़ में बदला मौसम: तेज आंधी-बारिश से गर्मी से राहत, कई जिलों में अलर्ट

रायपुर। राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में शनिवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, हालांकि अचानक बदले मौसम के कारण कुछ जगहों पर लोगों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा।

रायपुर और आसपास के इलाकों में देर रात तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बीते कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के बीच यह बदलाव लोगों के लिए राहत लेकर आया। मौसम विभाग ने पहले ही प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदलने का संकेत दिया था। विभाग के अनुसार रायपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बलौदाबाजार और बालोद समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले पांच दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में तेज हवा, मेघगर्जन और बिजली गिरने की आशंका बनी रहेगी। इसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, इस बारिश से तापमान में और गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन आंधी और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए सावधानी जरूरी है।
