रायपुर जेल से फरार इनामी आरोपी आगरा में गिरफ्तार, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

रायपुर जेल से फरार इनामी आरोपी आगरा में गिरफ्तार, STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

रायपुर से फरार एक इनामी आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। केंद्रीय जेल रायपुर से फरार हुआ आरोपी चंद्रवीर सिंह उर्फ पिंटू को गंज थाना पुलिस, ACCU रायपुर और उत्तर प्रदेश STF की संयुक्त टीम ने आगरा से पकड़ा है।

आरोपी मूल रूप से मथुरा, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और उसे NDPS एक्ट के तहत 15 साल की सजा सुनाई गई थी। जेल प्रशासन ने अच्छे आचरण के आधार पर उसे बाहर काम करने की अनुमति दी थी, लेकिन इसी दौरान वह फरार हो गया। इसके बाद आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया और उसकी लगातार तलाश की जा रही थी।

पुलिस ने तकनीकी इनपुट, मुखबिर की सूचना और लगातार दबिश के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। अंतरराज्यीय समन्वय के तहत उत्तर प्रदेश STF की मदद से आगरा में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की निगरानी से बच नहीं सका। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।