भारत माला घोटाले में बड़ी गिरफ्तारी: फरार अपर कलेक्टर निर्भय साहू दबोचे गए

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाले में बड़ी कार्रवाई हुई है। लंबे समय से फरार चल रहे अपर कलेक्टर निर्भय कुमार साहू को पुलिस और जांच एजेंसियों ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर अभनपुर में पदस्थ रहते हुए करोड़ों रुपये के मुआवजा घोटाले को अंजाम देने का आरोप है।

क्या है पूरा मामला?
जांच में सामने आया है कि निर्भय साहू ने एसडीएम और भू-अर्जन प्राधिकारी रहते हुए अपने पद का दुरुपयोग किया। आरोप है कि उन्होंने बिचौलियों और रसूखदारों के साथ मिलकर भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में हेरफेर की।

सरकारी जमीन को निजी बताकर और गाइडलाइन से हटकर गलत तरीके से मुआवजा जारी किया गया। इससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ, जबकि असली पात्र किसान मुआवजे के लिए भटकते रहे।
फरारी के बाद गिरफ्तारी
एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही साहू गिरफ्तारी से बचते हुए फरार थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से उन्हें ट्रैक कर दबोच लिया।
अब उन्हें रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस रिमांड की मांग कर सकती है।
