महाशिवरात्रि कार्यक्रम में खूनी हमला: पुरानी रंजिश में पड़ोसी पर धारदार वार, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। महाशिवरात्रि के मौके पर आयोजित भंडारा कार्यक्रम में पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। पदमनाभपुर थाना क्षेत्र के बोरसी, वार्ड 51 में पड़ोसी ने धारदार हथियार से हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है।

घटना 15 फरवरी की रात करीब 9:45 बजे की है। सुभाष चौक दैहान के पास चल रहे धार्मिक कार्यक्रम के दौरान दरवाजा खोलने के पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ा और आरोपी ने शिवनंदन मारकण्डे के पेट में धारदार हथियार से वार कर दिया।

घायल की पत्नी सुमन मारकण्डे की शिकायत पर अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोरसी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी प्रकाश यादव, उम्र 36 वर्ष, को पकड़ लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक हथियार ऑनलाइन मंगाया गया था।
आरोपी को 16 फरवरी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।
