स्मृति नगर और नेहरू नगर में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

भिलाई। सुपेला थाना और एसीसीयू टीम की संयुक्त कार्रवाई में स्मृति नगर और नेहरू नगर में हुई नकबजनी की वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

यह मामला अगस्त 2025 की दो अलग-अलग चोरी की वारदातों से जुड़ा है। स्मृति नगर निवासी रामदत्त शर्मा के मकान का ताला तोड़कर घर में रखी नगदी रकम, चांदी की मूर्ति और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। उसी रात नेहरू नगर निवासी सुनील कंकेर के घर में घुसकर नगदी और सोने के जेवर गायब कर दिए गए थे। दोनों मामलों में पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पतासाजी के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इसके बाद एसीसीयू टीम, सुपेला थाना स्टाफ और चौकी स्मृति नगर द्वारा संयुक्त दबिश दी गई। टीम ने आरोपी रविन्द्र पाल गौतम उर्फ राहुल को उत्तर प्रदेश के संभल जिले से पकड़ा।
पुछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। उसने बताया कि दोनों चोरियाँ उसने अपने साथी राम भरोसे उर्फ अनिल के साथ मिलकर की थीं। चोरी किए गए सोने की अंगूठी और चांदी की मूर्ति को संभल में स्थित नंद किशोर ज्वेलर्स में बेच दिया गया था और रकम दोनों ने आपस में बांट ली थी।
गिरफ्तार आरोपी को 04 जनवरी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
रविन्द्र पाल गौतम उर्फ राहुल सागर, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम अकबरपुर चितेरी, थाना बनियाठेर, जिला संभल, उत्तर प्रदेश।

