दुर्ग संयुक्त संचालक शिक्षा हेमंत उपाध्याय निलंबित

रायपुर। राज्य शासन ने दुर्ग संभाग के प्रभारी संयुक्त संचालक (शिक्षा) हेमन्त उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आदेश के मुताबिक, उनका मुख्यालय लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर निर्धारित किया गया है। उनकी जगह आरएल ठाकुर, उपसंचालक लोक शिक्षण संचालनालय को दुर्ग संभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा ने 6 सितंबर को जारी पत्र (क्रमांक 2549/स्था.2/वित्त/2025) में स्पष्ट किया कि उपाध्याय के कार्यकाल के दौरान कई वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताएँ पाई गईं। जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने पद पर रहते हुए स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता का परिचय दिया।
शासन ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 का उल्लंघन और गंभीर कदाचार मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत निलंबन आदेश जारी किया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई लंबी जांच प्रक्रिया के बाद हुई है और आगे विभागीय जांच की संभावना भी जताई जा रही है। शिक्षा विभाग में इस आदेश के बाद हलचल है। कर्मचारियों का मानना है कि यह कदम शासन की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का संकेत है।