काली मंदिर के पुजारी के घर में छापा मार फर्जी क्राइम ब्रांच की टीम ले उड़ी 1 करोड़ 30 लाख रुपए 

काली मंदिर के पुजारी के घर में छापा मार फर्जी क्राइम ब्रांच की टीम ले उड़ी 1 करोड़ 30 लाख रुपए 

बिलासपुर। सिरगिट्टी में काली मंदिर के पुजारी के घर फर्जी क्राइम ब्रांच की टीम ने छापा मार 1 करोड़ 30 लाख रुपए से भरी पेटी उठाकर ले गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। बिलासपुर एडिशनल एसपी उमेश कश्यप ने बताया कि मामले में चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया है। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिसके आधार पर मामले में जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक कृष्ण कुमार मिश्र काली मंदिर में सेवक के रूप में काम करते हैं। साथ ही पूजा पाठ से जुड़े कार्यों के लिए वे आस-पास गांव में भी जाते हैं। वे 11 अगस्त को राजनांदगांव के करीब मोहला के मुंदेला गांव गए थे। 13 अगस्त को उन्हें घर से फोन आया कि कुछ लोग क्राइम ब्रांच के नाम पर घुस गए और घर से किसी परिचित विद्या प्रकाश पाण्डे की रखी पेटी को उठा ले गए।

पुजारी के अनुसार 2 महिला और 4 पुरुषों ने मिलकर घर पर मौजूद उनकी पत्नी, भाभी और परिजनों को पकड़ कर रोके रखा। सामने रखी पेटी को तोड़ा और फिर दो लोग मिलकर पेटी को उठा ले गए। घटना की जानकारी उन्होंने अपने परिचित को दी तो उन्होंने बताया कि पेटी में जमीन बेचने पर मिले 1 करोड़ 30 लाख रुपए रखे थे। इसके बाद पुजारी ने घटना की शिकायत पुलिस में की।

पुजारी ने बताया कि सकरी गांव के निवासी परिचित विद्या प्रकाश पांडेय ने उनके घर पर पेटी रखवाई थी। पाण्डे ने पुजारी से कहा था कि इस पेटी में कुछ जरूरी सामान है, कुछ दिन में आकर वापस ले जाएंगे। लेकिन उन्होंने पुजारी को इस बात की कोई जानकारी पूर्व में नहीं दी थी कि उसमें इतनी राशि है। अब घटना की जानकारी मिलने पर इसका खुलासा हुआ है।